श्रमिकों व फैक्ट्री मालिकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की पहल,ग्रेनो प्राधिकरण, पुलिस-प्रशासन व औद्योगिक संगठनों के बीच हुई बैठक
श्रमिकों व फैक्ट्री मालिकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की पहल,ग्रेनो प्राधिकरण, पुलिस-प्रशासन व औद्योगिक संगठनों के बीच हुई बैठक
कारखाना विभाग के नए दिशा-निर्देशों के बारे में दी जानकारी

ग्रेटर नोएडा। श्रमिकों और फैक्ट्री मालिकों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर काम करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में रविवार को एक बैठक हुई, जिसमें प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव, एडीएम मंगलेश दुबे, ओएसडी नवीन कुमार सिंह, प्रबंधक उद्योग अरविंद मोहन सिंह, जिला प्रशासन से एडीएम मंगलेश दुबे और डीसीपी पुलिस प्रवीण रंजन सिंह शामिल हुए। बैठक में नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन, इंडिया इंडस्टरीज एसोसिएशन, इंडस्ट्रियल एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, ग्रेटर नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती और ईकोटेक- 12 एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों ने उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों को कारखाना विभाग के नए दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी। बैठक में गौतमबुद्ध नगर के एडीएम मंगलेश दुबे की तरफ से कहा गया कि अनावश्यक किसी भी श्रमिक को नहीं निकाला जाएगा। ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा, उसमें कोई कटौती नहीं की जाएगी। प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश प्रदान किया जाएगा, यदि रविवार को कार्य कराया जाता है तो उसका भुगतान भी दोगुनी दर से किया जाएगा। सभी श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक उनके बैंक खातों में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से घोषित की जाने वाली वेतन वृद्धि को लागू तिथि से सभी श्रमिकों को इस तिथि से प्रदान की जाएगी। प्रत्येक कारखाने में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति गठित की जाएगी, जिसकी अध्यक्ष महिला ही होगी, शिकायत पेटी स्थापित की जाएगी तथा श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा। प्रत्येक श्रमिक के वेतन का भुगतान हर माह के 10 तारीख के भीतर एकमुश्त किया जाएगा सभी श्रमिकों को वेतन पर्ची अनिवार्य रूप से प्रदान की जाएगी। डीसीपी पुलिस प्रवीण रंजन सिंह ने कहा कि उद्यमियों और श्रमिकों के बीच समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी से सहयोग अपेक्षित है। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने उद्यमी संगठनों से अच्छा और स्वस्थ माहौल बनाए रखने की अपील की।




