GautambudhnagarGreater noida news

रामलाल वृद्धाश्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी की भजन संध्या से गूंज उठी श्रद्धा की स्वर लहरियां

रामलाल वृद्धाश्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी की भजन संध्या से गूंज उठी श्रद्धा की स्वर लहरियां

ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में बुधवार को एक अनूठा आयोजन हुआ, जब गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों ने भक्ति और संगीत की सजीव प्रस्तुति का आनंद लिया। वर्षों से अकेलेपन और नीरसता के साए में जी रहे बुजुर्गों के लिए यह संध्या भावनात्मक और आत्मिक रूप से संजीवनी समान रही।

भजन संध्या का संचालन गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी के संयोजक आनंद मिश्रा ने किया, जबकि भजन प्रस्तुति में उपेन्द्र कुमार और प्रवेश कुमार ने अपने मधुर स्वरों से समां बांध दिया। शिव और राम भजनों की गूंज से पूरा वृद्धाश्रम भक्तिमय हो उठा। जब गायक मंडली ने “वैष्णव जन तो तेने कहिए जो पीर पराई जाने रे” और “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम” गाना शुरू किया तो वहां मौजूद बुजुर्ग भी खुद को रोक नहीं सके और झूम उठे।

इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आश्रम में रहने वाले कुछ बुजुर्गों ने भी अपनी भावनाएं संगीत के जरिए प्रकट कीं। कई बुजुर्गों ने कृष्ण भजन गाए—

“हरे कृष्णा हरे राम” और अच्युतम केशवं श्री कृष्ण दमोदरम, शिव स्तुति।”

इनकी कांपती आवाज में छिपी भक्ति ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया।

भजन संध्या के समापन के बाद यमी केक डॉट इन के संचालक चंदन कुमार और नविता गुप्ता ने बुजुर्गों के बीच केक, पेस्ट्री और फल वितरित किए। यह देखकर बुजुर्गों के चेहरे पर एक विशेष चमक आ गई। कार्यक्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी की अध्यक्ष प्रियंका कुमारी, अमित त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस आयोजन ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के जीवन में एक खुशनुमा और यादगार शाम जोड़ दी। जहां रोजमर्रा की चुप्पी और अकेलापन था, वहां इस दिन श्रद्धा और संगीत की स्वर लहरियों ने नई उमंग और आत्मिक सुकून भर दिया।

Related Articles

Back to top button