ग्रेटर नोएडा : 25 वर्षों की सेवा के बाद भावुक विदाई, ओमपाल सिंह गुरुजी सेवानिवृत्त
ग्रेटर नोएडा : 25 वर्षों की सेवा के बाद भावुक विदाई, ओमपाल सिंह गुरुजी सेवानिवृत्त

ग्रेटर नोएडा। ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल शुक्रवार को गहरे भावुक माहौल में डूब गया। वरिष्ठ शिक्षक ओमपाल सिंह गुरुजी के 25 वर्षों की लंबी सेवा पूर्ण होने पर पूरा स्कूल रो पड़ा। छात्र-छात्राएं, साथी शिक्षक और स्टाफ सदस्य फूट-फूट कर रोते नजर आए।ओमपाल सिंह गुरुजी ने स्कूल में पिछले 25 वर्षों तक पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को पढ़ाया। उन्होंने विषयों की गहन समझ के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, करुणा और चरित्र निर्माण पर विशेष जोर दिया। उनकी शिक्षाओं ने अनेक छात्रों के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान की।विदाई समारोह के दौरान छात्रों ने गुरुजी को फूलमालाएं पहनाईं तथा पेन और भगवान की तस्वीर भेंट की। कई छात्र भावुक होकर उन्हें गले लगा लेते रहे। गुरुजी के विदाई भाषण के समय स्कूल में सन्नाटा छा गया और केवल छात्र-छात्राओं की सिसकियों की आवाजें गूंज रही थीं।स्कूल के चेयरमैन रामकुमार मावी ने ओमपाल सिंह गुरुजी के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें पगड़ी, स्मृति चिन्ह और विशेष उपहार के रूप में हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भेंट की। चेयरमैन ने कहा कि गुरुजी की मेहनत और बच्चों के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व शिक्षक प्रदीप शर्मा, आरती, अनिता, रितु खारी, वीरेंद्र शास्त्री, कमल शास्त्री, शिवकुमार, मेनपाल भाटी आदि तथा पूर्व छात्र अजीत भड़ाना, नरेंद्र, उपेन्द्र, अनिल, परविंदर, सचिन आदि भी उपस्थित रहे। इसके अलावा गणमान्य व्यक्तियों में मनोज मावी (मंडल अध्यक्ष), सतवीर मुखिया, एडवोकेट जे.सी. मावी, शिवकुमार सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।सभी ने ओमपाल सिंह गुरुजी को एक आदर्श शिक्षक और प्रेरणादायक मार्गदर्शक के रूप में याद किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल परिवार ने कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी।




