बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर । आगामी 25 फरवरी को जनपद में रोजगार महोत्सव–2026 का होगा आयोजन
बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर
आगामी 25 फरवरी को जनपद में रोजगार महोत्सव–2026 का होगा आयोजन

गौतमबुद्धनगर।उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद गौतम बुद्ध नगर में जिला सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से आगामी 25 फरवरी 2026 को विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन, विश्वेश्वरैया कैंपस, न्यू नोएडा जीटी रोड, दादरी में रोजगार महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वृहद रोजगार महोत्सव में 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां लगभग 2000 से अधिक रिक्त पदों के साथ प्रतिभाग करेंगी, जिसमें 5000 से अधिक अभ्यर्थियों की सहभागिता संभावित है।उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। आठवीं पास, दसवीं पास, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.टेक, बीबीए, एमबीए, फार्मेसी सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।इच्छुक अभ्यर्थी ROJGARSANGAM.UP.GOV.IN पोर्टल अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए बायोडाटा, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं पंजीकरण पर्ची की प्रिंट अथवा डिजिटल प्रति लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में भाग लेने हेतु किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। रोजगार महोत्सव–2026 में सैमसंग, योकामा, एक्सिस बैंक, एचसीएल, जी4एस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, वीवो, सैमसंग डिस्प्ले, रेडिसन ब्लू, यूफ्लेक्स, सैमसंग इंजीनियरिंग, टेक महिंद्रा, क्राउन प्लाजा, बीएलएस, केआरबीएल लिमिटेड, डेंसो, लावा, ओप्पो, न्यू हॉलैंड सहित लगभग 100 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।जनपद के सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील है कि समय से पंजीकरण कर इस रोजगार महोत्सव में प्रतिभाग करें और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाएं।




