नोएडा की बिजली मीटर कंपनी में लगी आग: जिलाधिकारी ने अस्पताल पहुँचकर घायलों का जाना हाल
नोएडा की बिजली मीटर कंपनी में लगी आग: जिलाधिकारी ने अस्पताल पहुँचकर घायलों का जाना हाल

गौतमबुद्धनगर, 12 मार्च 2026। नोएडा सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली कंपनी में आग लगने की घटना में घायल हुए कर्मचारियों का हाल जानने के लिए जिलाधिकारी जिला अस्पताल सेक्टर-39, नोएडा पहुँचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती प्रत्येक घायल की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि उपचार पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी मरीज को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार से संबंधित सभी जानकारी समय-समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि घायलों की स्थिति की जानकारी उनके परिजनों को भी समय पर दी जाए, जिससे परिवारजनों को किसी प्रकार की चिंता या असमंजस की स्थिति का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को यह भी निर्देश दिया कि घायलों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा लगातार निगरानी रखी जाए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजय राणा, पुलिस के अधिकारी तथा संबंधित चिकित्सक उपस्थित रहे।




