दस्तक-नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों का प्रभावी ढंग से मंचन
दस्तक-नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों का प्रभावी ढंग से मंचन

ग्रेटर नोएडा ।जीएल बजाज इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के महिला प्रकोष्ठ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अस्मिता थिएटर के सहयोग से “दस्तक” शीर्षक से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।नुक्कड़ नाटक “दस्तक” के माध्यम से समाज में महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, लैंगिक समानता, सम्मान और सशक्तिकरण जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपनी सशक्त अभिव्यक्ति, संवाद और जीवंत प्रस्तुति से उपस्थित छात्रों एवं प्राध्यापकों को गहराई से प्रभावित किया। नाटक ने दर्शकों को आत्ममंथन के लिए प्रेरित किया और सामाजिक बदलाव की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया। संस्थान की निदेशक डॉ. सपना राकेश, निदेशक, जीएल बजाज इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड रिसर्च ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे सामाजिक एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रम विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने महिला प्रकोष्ठ और अस्मिता की टीम को इस सार्थक पहल के लिए बधाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत महिला प्रकोष्ठ द्वारा कलाकारों के स्वागत के साथ हुई। आभार स्वरूप कलाकारों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जो विकास, आशा और सशक्तिकरण का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंत में महिला प्रकोष्ठ ने अस्मिता थिएटर की टीम, विद्यार्थियों एवं समस्त संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन न केवल महिला दिवस के महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि समाज में समानता और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास भी है।




