GautambudhnagarGreater noida news

जेवर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा, एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां तेज

जेवर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा, एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां तेज

ग्रेटर नोएडा।नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को एक्स पर एयरपोर्ट के कार्य प्रगति का वीडियो साझा किया। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं।एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग से लेकर एयरपोर्ट सर्विलांस रडार और नेविगेशन सिस्टम तक सभी आवश्यक उपकरण स्थापित किए जा चुके हैं। मुख्य सचिव द्वारा साझा किए गए वीडियो में एयरपोर्ट के संचालन के लिए जरूरी हर पहलू की प्रगति को दर्शाया गया है। वीडियो में एयरपोर्ट की एक्सेस रोड, ईंधन टैंक, ऑपरेशन सेंटर, जल और सीवेज व्यवस्था, चेक पोस्ट, टर्मिनल बिल्डिंग, घरेलू टर्मिनल काउंटर, ई-गेट्स, बैगेज हैंडलिंग, लाउंज, विमानों के लिए एप्रन, कार्गो टर्मिनल, सोलर फार्म, एटीसी, सीएनजी पंप, ईवी चार्जिंग स्टेशन, रनवे, नेविगेशन सिस्टम और टैक्सी-वे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति दिखाई गई है। फिलहाल, सिर्फ एयरोड्रम लाइसेंस से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जो अंतिम चरण में बताई गई हैं। एयरपोर्ट का प्रथम चरण कुल 1334 हेक्टेयर में विकसित हुआ है। दिसंबर 2024 में एयरपोर्ट के रनवे पर इंडिगो के यात्री विमान को उतारकर सफल ट्रायल किया गया था। इसके बाद, वर्ष 2025 में अक्टूबर अंत और नवंबर के पहले सप्ताह में भी रनवे पर छोटे विमान को उतारकर उपकरणों का परीक्षण किया गया। एयरपोर्ट का निर्माण कर रही कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने दो बार स्थानीय लोगों और कर्मचारियों को यात्री बनाकर चेक-इन, बोर्डिंग और बैगेज हैंडलिंग सहित अन्य यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया था। उद्घाटन के बाद यह उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा।नोएडा एयरपोर्ट के आसपास के इलाके को भी यीडा ने विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। एयरपोर्ट के आसपास सेक्टर-8, 8डी, 11, 4ए, 5ए और 5 को विकसित करने के लिए तेजी से भूमि खरीदी जा रही है। सेक्टर-8डी में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउस प्रस्तावित हैं।

Related Articles

Back to top button