GautambudhnagarGreater noida news

कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला का सरकार पर तीखा हमला: “जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान”

कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला का सरकार पर तीखा हमला: “जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान”

ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। यह पत्रकार वार्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद दौरे से पूर्व आयोजित की गई, जिसमें सरकार की कथनी और करनी पर सवाल उठाए गए।पत्रकार वार्ता में दीपक भाटी चोटीवाला ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार पूरी तरह जनविरोधी नीतियों पर कार्य कर रही हैं और आम जनता, विशेषकर किसानों एवं स्थानीय निवासियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महीने में कई बार गौतमबुद्ध नगर का दौरा करते हैं, लेकिन किसानों से मिलने या उनकी समस्याएं सुनने का समय नहीं निकालते।उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनरत किसानों और कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाकर उन पर दबाव बनाने और डराने का प्रयास किया जाता है, जबकि किसानों का शोषण करने वाले अधिकारियों को खुला संरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, मुख्यमंत्री के दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं को नजरबंद करने का भी आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर जिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल दोनों नेताओं से मिलकर किसानों के साथ न्याय की मांग करेगा।दीपक भाटी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे जनता के मुद्दों से दूर होकर केवल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने तक सीमित हो गए हैं, जिससे जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

उन्होंने जनपद की प्रमुख समस्याओं को गिनाते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने वाले 10 प्रतिशत भूखंड के मामले वर्षों से लंबित हैं और अधिकारी जानबूझकर इसमें बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं। किसान आबादी निस्तारण के मामले वर्ष 2017 से जस के तस पड़े हुए हैं। जेवर एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित किसानों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है और उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।उन्होंने कहा कि औद्योगिक शहर होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिल रही है, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरणों में मनमानी नीतियां और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। गांवों में आज भी सीवर, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।ग्रेटर नोएडा वेस्ट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल के नाम पर लोगों को गुमराह किया गया, लेकिन आज भी लाखों निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। कई लोगों को अब तक फ्लैट और मालिकाना हक नहीं मिला है। साथ ही आरोप लगाया कि सस्ती दरों पर जमीन लेकर स्कूलों द्वारा अभिभावकों से भारी फीस वसूली की जा रही है।केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। रुपया लगातार गिर रहा है, महंगाई आसमान छू रही है और आम आदमी का जीवन संकट में है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ज्वलंत मुद्दों से दूर रहकर चुनावी कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जन आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरेगी।इस दौरान कांग्रेस नेता दुष्यंत नागर ने भी केंद्र सरकार की विदेश नीति को विफल बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक स्थिति कमजोर हुई है और पड़ोसी देशों के साथ संतुलन बनाए रखने में सरकार असफल रही है।पत्रकार वार्ता में दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, नीरज लोहिया, महाराज सिंह नागर, श्रुति कुमारी, अरुण गुर्जर, गौतम सिंह, आर.के. प्रथम, देवेश चौधरी, पुनीत मावी, सुबोध भट्ट, रमेश वाल्मीकि, सचिन जीनवाल, अमित कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button