भव्य सांस्कृतिक महोत्सव में प्रतिभा और साहित्य का संगम, ग्रेटर नोएडा के भगवत शर्मा हुए सम्मानित
भव्य सांस्कृतिक महोत्सव में प्रतिभा और साहित्य का संगम, ग्रेटर नोएडा के भगवत शर्मा हुए सम्मानित

नई दिल्ली। एंबिशस कॉन्क्लेव फाउंडेशन के तत्वावधान में लोदी रोड स्थित लोक कला मंच ऑडिटोरियम में एक भव्य सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। इस बहुआयामी कार्यक्रम में रैम्प वॉक, किड्स टैलेंट शो और टॉप-20 राइजिंग स्टार्स अवॉर्ड समारोह की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। कार्यक्रम में करीब 200 से अधिक दर्शक उपस्थित रहे, जिनमें अभिभावक, शिक्षाविद, कला-संस्कृति से जुड़े विद्वान और समाज के विशिष्ट नागरिक शामिल थे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की परपोती हुसनारा यूसुफ एवं प्रपौत्र डॉ. सलीम खान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 10 वर्षीय बालिका देशना द्वारा रचित काव्य-संग्रह “मेरे आभूषण, खुशी और आत्मविश्वास” का विमोचन रहा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उन्हें आत्मविश्वास और रचनात्मकता के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। इस सांस्कृतिक समारोह में ग्रेटर नोएडा निवासी प्रख्यात कवि, लेखक एवं सामाजिक कार्यकर्ता भगवत प्रसाद शर्मा को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान के लिए स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए भगवत शर्मा ने अपने जीवन की एक प्रेरणादायक घटना साझा की, जब दक्षिण कोरिया की देवू मोटर कंपनी में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें डॉलर से भरा पर्स मिला, जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी से प्रशासन विभाग को सौंप दिया। इस अनुकरणीय ईमानदारी के लिए उन्हें “ऑनेस्टी अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया था। कार्यक्रम में लिटिल इंडिया फाउंडेशन की निदेशक नीना वर्मानी, तिहाड़ कॉम्प्लेक्स के सदस्य मनोज कुमार, समाजसेविका सावित्री सागर, एलबीएसटीआई-मोदीनगर, लोकनायक जयप्रकाश इंटरनेशनल स्टडीज़ डेवलपमेंट सेंटर के महासचिव अभय सिन्हा, मानव अधिकार एवं बाल विकास हापुड़ की जिला अध्यक्ष डॉ. ईशा शर्मा तथा समिधा फाउंडेशन के बच्चे विशेष रूप से उपस्थित रहे।समारोह के समापन पर एंबिशस कॉन्क्लेव फाउंडेशन की संस्थापक खुशबू विरमानी ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक, साहित्यिक और शैक्षणिक आयोजनों के माध्यम से बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।



