GautambudhnagarGreater noida news

राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने दादरी में की महिला जनसुनवाई, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने दादरी में की महिला जनसुनवाई, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

 

गौतमबुद्धनगर।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यालय खंड विकास अधिकारी, दादरी के सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनका मौके पर ही गंभीरतापूर्वक अनुश्रवण किया गया।कार्यक्रम में डॉ. मीनाक्षी भराला ने महिलाओं की समस्याएं और शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के प्रभावी और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से हल किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल सके।जनसुनवाई के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को बाल विवाह पर रोक लगाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई और गैरकानूनी कृत्य है, जो बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास में बाधा बनता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अपने परिवार, पड़ोस और समाज में बाल विवाह रोकने के लिए सतर्क रहें और किसी भी प्रयास की सूचना प्रशासन व संबंधित हेल्पलाइन को दें।इस अवसर पर डॉ. मीनाक्षी भराला ने मातृत्व और बाल संरक्षण का संदेश देते हुए पांच लाभार्थियों को बेबी किट वितरित की। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार विधिवत रूप से संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित बचपन ही सशक्त और विकसित समाज की मजबूत नींव है तथा सरकार महिलाओं और बच्चों के पोषण, सुरक्षा और अधिकारों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना, दादरी द्वारा राज्य कौशल मिशन के अंतर्गत मोटे अनाज से बने पौष्टिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। इनमें रागी की टिक्की, चना दाल खिचड़ी, सूजी की इडली, नारियल की चटनी, बाजरे के बिस्किट और बेसन का टोकला शामिल रहे। डॉ. भराला ने स्टॉलों का निरीक्षण किया, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से संवाद किया और व्यंजनों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।महिला जनसुनवाई एवं पोषण कार्यक्रम के बाद डॉ. मीनाक्षी भराला ने सेक्टर-62 नोएडा स्थित राजकीय बाल/बालिका गृह एवं वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपलब्ध व्यवस्थाओं और पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।कार्यक्रम में उपायुक्त पुलिस महिला सुरक्षा मनीषा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, संरक्षण अधिकारी विभा, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर नोएडा की प्रबंधक रिंकी रानी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button