बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप ने यमुना प्राधिकरण में इंटरनेशनल फिल्म सिटी के लिए 230 एकड़ भूमि का किया अधिग्रहण
बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप ने यमुना प्राधिकरण में इंटरनेशनल फिल्म सिटी के लिए 230 एकड़ भूमि का किया अधिग्रहण
ग्रेटर नोएडा। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-21 में प्रस्तावित इंटरनेशनल फिल्म सिटी के लिए 230 एकड़ भूमि का आधिकारिक कब्जा प्राप्त किया। इस अवसर पर, बोनी कपूर और उनकी टीम ने साइट का निरीक्षण किया और परियोजना की आगामी योजनाओं पर चर्चा की।यह महत्वाकांक्षी परियोजना कुल 1,000 एकड़ में विकसित की जाएगी, जिसमें पहले चरण में 230 एकड़ पर निर्माण कार्य शुरू होगा। इस चरण की अनुमानित लागत 1,510 करोड़ रुपये है।
फिल्म सिटी में अत्याधुनिक 3डी स्टूडियो, वीएफएक्स साउंड स्टूडियो, रिटेल मॉल, फिल्म इंस्टीट्यूट, एम्यूजमेंट पार्क, होटल, रिज़ॉर्ट, और कमर्शियल स्पेस जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।इस परियोजना के दूसरे चरण में 250 एकड़ भूमि पर दुनिया का सबसे बड़ा “ॐ” प्रतीक स्थापित किया जाएगा, जो अंतरिक्ष से भी दिखाई देगा। यह प्रतीक धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक होगा।मार्च 2025 में इस परियोजना का शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। इस परियोजना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को फिल्म निर्माण और पर्यटन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है