भाजपा ने अटल जयंती की पूर्व संध्या पर मनाया दीपोत्सव, जिला कार्यालय जगमगाया दीपों से
भाजपा ने अटल जयंती की पूर्व संध्या पर मनाया दीपोत्सव, जिला कार्यालय जगमगाया दीपों से

ग्रेटर नोएडा। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को भारतीय जनता पार्टी जनपद गौतमबुद्धनगर द्वारा भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा जिला कार्यालय तिलपता में आयोजित हुआ, जहां पूरे कार्यालय परिसर को भाजपा के झंडों और सैकड़ों दीपकों से आकर्षक रूप से सजाया गया।दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और मजबूत भारत की नींव रखने वाला रहा है। उन्होंने बताया कि अटल जयंती के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला कार्यालय पर दीपोत्सव मनाया गया है, जबकि 25 दिसंबर को पूरे जनपद के सभी बूथों पर कार्यकर्ता उनके ऐतिहासिक कार्यों और राष्ट्र के प्रति योगदान की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।जिलाध्यक्ष ने अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान मिली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए गांवों को सड़कों से जोड़ा गया, जल संरक्षण के क्षेत्र में नदियों को जोड़ने जैसे दूरगामी प्रयास किए गए और दूरसंचार के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए। उन्होंने आगरा में भारत-पाकिस्तान शिखर वार्ता, दिल्ली-लाहौर बस सेवा की शुरुआत और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कारगिल ऑपरेशन विजय का भी उल्लेख किया। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना को खुली छूट देकर देश ने निर्णायक विजय हासिल की, जो अटल बिहारी वाजपेयी के दृढ़ नेतृत्व का प्रतीक है।कार्यक्रम में जिला महामंत्री मनोज गर्ग, दीपक भारद्वाज, धर्मेंद्र कोरी, सुनील भाटी, पवन नागर, वीरेंद्र भाटी, कर्मवीर आर्य, मनोज प्रधान, जितेंद्र भाटी, राजीव सिंघल, मुकेश चौहान, कपिल गुर्जर, सरजीत नागर, संगीता रावल, कविता तिवारी, जितेंद्र सैन सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।दीपोत्सव के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।



