जनपद के शिल्प हाट नोएडा में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन संपन्न । जिला जज अतुल श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया विधिवत शुभारंभ
जनपद के शिल्प हाट नोएडा में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन संपन्न
जिला जज अतुल श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया विधिवत शुभारंभ
राष्ट्रीय लोक अदालत एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
विभिन्न विभागों के स्टालों के माध्यम से जनसामान्य ने उठाया जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं टूलकिट वितरित कर किया गया सम्मानित
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक हुआ जनसमुदाय

गौतमबुद्धनगर ।जनसामान्य को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आज नोएडा शिल्प हाट सेक्टर 33ए में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ जिला जज गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद के समस्त संबंधित न्यायाधीशगण, मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य एवं सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को विधिक जागरूकता का संदेश देते हुए कार्यक्रम को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण बनाया।इस अवसर पर जिला जज ने कहा कि विधिक सेवाएं प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार हैं तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत एवं विधिक साक्षरता शिविर जैसे प्रभावी माध्यमों के द्वारा आमजन को सरल, त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें तथा उपलब्ध विधिक सेवाओं एवं योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं। जनपद न्यायाधीश ने यह भी बताया कि जनपद में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर अभियान के अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों के सहयोग से अलग-अलग स्थलों पर लघु विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा आमजन को उनके अधिकारों एवं लाभकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही संबंधित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के मध्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय तथा नोडल अधिकारी जिला विधिक सहायता एवं सेवा शिविर विरेक अग्रवाल ने बताया कि इस मेगा शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिला, बालक बालिका, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित सभी पात्र नागरिकों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है। उन्होंने बताया कि मेगा शिविर के प्रथम चरण में 09 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा समन्वय स्थापित कर ग्राम पंचायत दादरी तथा जेवर क्षेत्र में शिविर आयोजित किए गए तथा दनकौर क्षेत्र में भी व्यापक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रचार वाहन के माध्यम से जनजागरूकता सुनिश्चित की गई तथा विभिन्न विभागों द्वारा आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र आदि सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। 16 फरवरी 2026 को डी आर कॉन्वेंट स्कूल, विकास ग्लोबल स्कूल एवं आर वी पब्लिक स्कूल में न्यायाधिकारियों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि इस मेगा शिविर के माध्यम से कुल 2267 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जो आयोजन की सार्थकता को दर्शाता है। अंत में उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा सभी विभागों के समन्वित प्रयास एवं जनसहभागिता से ही इस आयोजन की सफलता संभव हो सकी है।शिविर में संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का जिला जज द्वारा अवलोकन किया गया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कौशल विकास कार्यक्रम, जिला कारागार गौतमबुद्धनगर, लीगल एड डिफेंस काउन्सिल, मध्यस्थता एवं सुलह समझौता केन्द्र, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं एनजीओ, पुलिस विभाग महिला सुरक्षा प्रकोष्ठ, कृषि, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उद्यान, उद्योग, कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन एवं पंजीकरण सुनिश्चित किया गया।विधिक साक्षरता शिविर में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं बेटी बचाओ बेटी पढाओ, मिशन प्रेरणा, डीबीटी योजना, प्रधानमंत्री पोषण योजना, मिड डे मील, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा आपरेशन कायाकल्प सहित विभागीय योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया, जिससे जनसामान्य, छात्र छात्राओं एवं अभिभावकों को शासकीय योजनाओं की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। इस अवसर पर जिला जज द्वारा विभिन्न विभागों के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं टूलकिट वितरित किए गए एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।शिविर में जनसामान्य, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ उठाया।




