ग्रेटर नोएडा में उपभोक्ताओं के लिए बिजली चोरी और बिजली से जुड़े विवादों को निपटाने का सुनहरा मौका,14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित मामलों के निपटारे में एनपीसीएल से मिलेगा सहयोग
ग्रेटर नोएडा में उपभोक्ताओं के लिए बिजली चोरी और बिजली से जुड़े विवादों को निपटाने का सुनहरा मौका,14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित मामलों के निपटारे में एनपीसीएल से मिलेगा सहयोग

ग्रेटर नोएडा।14 मार्च, 2026 को आयोजित होनेवाली राष्ट्रीय लोक अदालत में ग्रेटर नोएडा के उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़े सभी विवादों को सुलझाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। 14 मार्च यानि शनिवार को सूरजपुर कोर्ट में लगनेवाली राष्ट्रीय लोक अदालत एनपीसीएल के उन सभी उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद साबित होगी जो बिजली से जुड़े सभी पुराने विवादों का त्वरित निस्तारण चाहते हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत में उपभोक्ताओं को आपसी सहमति से अपने सभी पुराने मामलों का निपटारा करने का मौका मिलेगा और उन्हें लंबी और खर्चीली कानूनी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा।लोक अदालत का उद्देश्य- राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन उन मामलों के त्वरित समाधान के लिए किया जाता है जो सामान्य कानूनी प्रक्रिया के तहत लंबे खिंच जाते हैं। इसमें विशेष रूप से बकायों और बिजली चोरी से जुड़े विवादों का त्वरित निपटारा किया जाता है, जिससे लोगों को कानूनी प्रक्रिया की जटिलता से छुटकारा मिलता है। इतना ही नहीं इस दिन मामलों के निपटारे के समय आपसी सहमति से छूट और लाभ भी प्रदान किए जाते हैं जिसमें बिजली बकायों पर ब्याज में छूट भी शामिल है, जो उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी है।
इन लोगों को फायदा होगा ? ग्रेटर नोएडा में जिन लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले दर्ज हैं या बिल जमा नहीं करने के कारण जिनका कनेक्शन अस्थाई या स्थाई रूप से कट गया है वो 14 मार्च को सूरजपुर न्यायाल परिसर पहुंचकर आपसी सहमति से अपने मामलों का निपटारा करवा सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से क्षेत्र की सभी जनता से इस राष्ट्रीय लोक अदालत में हिस्सा लेकर भरपूर लाभ उठाने का आव्हान किया गया है।राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को सफल बनाने के लिए एनपीसीएल की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में बिजली चोरी, स्थायी और अस्थायी रुप से कनेक्शन कटने और बकायों के निपटारे हेतु लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेने के लिए अलग-अलग माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए एनपीसीएल की ओर से सूरजपुर, तिलपता करनवास, बिसरख जलालपुर, हल्दौनी, जलपुरा, कुलेसरा, कासना, बिलासपुर सिरसा समेत 80 गांवों में लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार कर लोगों से इस आयोजन में शामिल होकर लाभ उठाने की अपील की जा रही है। इसके अलावा एनपीसीएल की ओर से उपभोक्ताओं को एसएमएस, व्हाट्सएप और पर्चे के जरिए भी सूचनाएं पहुंचाई जा रही है।एनपीसीएल ने बनाए विशेष काउंटर- एनपीसीएल की ओर से बिजली चोरी, स्थायी और अस्थायी रुप से कनेक्शन कटने और उससे संबंधित बकायों के भुगतान के लिए 8 विशेष काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं। एनपीसीएल की ओर से की गई यह व्यवस्था सभी उपभोक्ताओं को उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी ढंग से समाधान करने में मदद करेगी।
उपभोक्ताओं से अपील
एनपीसीएल की ओर से सभी उपभोक्ताओं को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी जाती है। उपभोक्ताओं के पास बिजली चोरी और बिजली से जुड़े सभी विवादों का निपटारा करने का ये एक बेहतर मौका है। एनपीसीएल अपने लाइसेंसी क्षेत्र में रहनेवाले सभी लोगों से एक बार फिर से अपील करता है कि वो 14 मार्च को आयोजित हो रही राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और बिजली चोरी और बिजली से जुड़े सभी विवादों का मौके पर ही निराकरण कराएं।




