GautamBuddhaUniversityGautambudhnagarGreater noida news

वैश्विक शिक्षा की ओर बड़ा कदम: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और अमेरिका की ओरेगन हेल्थ एंड साइंस यूनिवर्सिटी के बीच ऐतिहासिक समझौता 

वैश्विक शिक्षा की ओर बड़ा कदम: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और अमेरिका की ओरेगन हेल्थ एंड साइंस यूनिवर्सिटी के बीच ऐतिहासिक समझौता 

ग्रेटर नोएडा ।गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अमेरिका की प्रतिष्ठित ओरेगन हेल्थ एंड साइंस यूनिवर्सिटी (ओ एच एस यू ) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह करार छात्रों और शिक्षकों को वैश्विक स्तर की शिक्षा, शोध और नवाचार से जोड़ने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।यह समझौता स्वास्थ्य एवं जैव-चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में संयुक्त शोध और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत कैंसर, एजिंग, संक्रामक रोगों तथा मेडिकल रिसर्च जैसे उन्नत विषयों पर संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, छात्र एवं शिक्षक विनिमय कार्यक्रम, सेमिनार, कार्यशालाएं और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही भविष्य में उन्नत विज्ञान एवं स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं को भी तलाशा जाएगा। इस सहयोग का सबसे बड़ा लाभ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय शोध वातावरण में कार्य करने, विश्वस्तरीय प्रयोगशालाओं तक पहुंच तथा वैश्विक विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष सीखने का अवसर प्राप्त होगा। यह समझौता छात्रों की रिसर्च स्किल्स, इनोवेशन क्षमता और करियर अवसरों को नई दिशा देगा। साथ ही, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फंडिंग एजेंसियों से शोध अनुदान प्राप्त करने के अवसर भी सृजित होंगे। समझौते में क्षमता निर्माण, ज्ञान-विनिमय, बौद्धिक संपदा संरक्षण और गोपनीयता से जुड़े प्रावधानों पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे शोध कार्य उच्च नैतिक और पेशेवर मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों को वैश्विक शोध मंच पर नई पहचान दिलाएगा तथा नवाचार-आधारित शिक्षा को सशक्त बनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मानचित्र पर और अधिक सुदृढ़ करेगी। यह समझौता न केवल गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की अकादमिक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा, बल्कि विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा और अनुसंधान के सपने साकार करने का अवसर भी प्रदान करेगा। इस अवसर पर ओरेगन हेल्थ एंड साइंस यूनिवर्सिटी, पोर्टलैंड (अमेरिका) , प्रोफेसर एवं निदेशक, प्रायोगिक उपचार केंद्र प्रो. संजय मल्होत्रा, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की डीन प्लानिंग एंड रिसर्च डॉ इंदु उप्रेती और डीन बायोटेक्नोलॉजी प्रोo धनलक्ष्मी मौजूद रहे |

Related Articles

Back to top button