GautambudhnagarGreater noida news

एनपीसीएल के 4 लाइनमैनों को मिलेगा अवॉर्ड, सीईए करेगा सम्मानित,एनपीसीएल में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का आयोजन, कर्मचारियों ने ली सुरक्षा की शपथ

एनपीसीएल के 4 लाइनमैनों को मिलेगा अवॉर्ड, सीईए करेगा सम्मानित,एनपीसीएल में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का आयोजन, कर्मचारियों ने ली सुरक्षा की शपथ

गांव और स्कूलों में भी कार्यक्रम का आयोजन, सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान

ग्रेटर नोएडा।इस बार राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान ‘लाइनमैन दिवस’ पर सीईए की ओर से एनपीसीएल के चार लाइनमैनों को पुरस्कृत किया जा रहा है। 7 मार्च को दिल्ली में होनेवाले इस कार्यक्रम में सीईए की ओर से जिन 4 लाइनमैनों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाएगा, उनके नाम हैं चंदन कुमार, अविनाश कुमार, रुस्तम अली और दामोदर सामल। ‘लाइनमैन दिवस’ लाइनमैन और ग्राउंड मेंटेनेंस कर्मचारियों के अथक समर्पण और सेवा को मान्यता देने के लिए मनाया जाता है, जो देश भर में बिजली वितरण के काम में जोखिम उठाते हुए अहम भूमिका निभाते हैं।इसके साथ ही 5 मार्च से 13 मार्च तक राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह भी मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन एनपीसीएल के सभी दफ्तरों में सुरक्षा ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर एनपीसीएल के एमडी और सीईओ पी आर कुमार समेत कंपनी के सभी कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ ली। एनपीसीएल के एमडी और सीईओ पी आर कुमार ने अपने संबोधन में कहा “सुरक्षा को हमारी रोज़मर्रा की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए और साथ ही विद्युत सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित बनाने के लिए भी निरंतर प्रयास करना चाहिए।”पिछले वर्षों की तरह इस बार भी राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान एनपीसीएल की ओर से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह भर चलनेवाले इस आयोजन के दौरान एनपीसीएल की ओर से गांवों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर लोगों को बिजली सुरक्षा और ऊर्जा दक्षता के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही बच्चों में बिजली के सुरक्षित उपयोग और संभावित खतरों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अलग-अलग स्कूलों में विद्युत सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान स्ट्रीट लाइट के रखरखाव और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनपीसीएल ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक प्राधिकरण के कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण का भी कार्यक्रम रखा है। एनपीसीएल की ओर से एचटी लाइन के उपभोक्ताओं के लिए विद्युत सुरक्षा उपायों को लेकर कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है।इस साल राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह की थीम है, ‘उन्नत सुरक्षा के लिए लोगों को संलग्न करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं’। देश भर में चलनेवाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थलों, सड़कों और घरों में दुर्घटनाओं को रोकना है और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। नेशनल सेफ्टी काउंसिल की ओर से अपने स्थापना दिवस (4 मार्च) पर मनाया जानेवाला राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह इस बार अपने 55वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इसका उद्देश्य देशभर में सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है साथ ही इस दिशा में एक स्वैच्छिक आंदोलन को विकसित और मजबूत बनाना है।

Related Articles

Back to top button